प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली में अपने आधिकारिक आवास पर संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ प्रतिनिधि-स्तरीय बैठक की। इस बैठक के दौरान भारत और UAE के बीच रक्षा, अंतरिक्ष, ऊर्जा, सुपरकंप्यूटिंग और खाद्य सुरक्षा के क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण समझौते किए गए।
बैठक के परिणामों की जानकारी मीडिया को देते हुए विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बताया कि रणनीतिक रक्षा साझेदारी, अंतरिक्ष अवसंरचना विकास और उसके व्यावसायिकीकरण पर संयुक्त पहल, तथा गुजरात के धोलेरा में विशेष निवेश क्षेत्र के विकास में UAE की भागीदारी जैसे समझौते हुए।
विदेश सचिव ने बताया कि दोनों देशों ने HPCL इंडिया और Adnoc Gas UAE के बीच बिक्री और खरीद समझौते पर हस्ताक्षर किए। उन्होंने कहा कि भारत में सुपरकंप्यूटिंग क्लस्टर स्थापित करने पर भी सहमति बनी है। इसके साथ ही, दोनों देशों ने 2032 तक द्विपक्षीय व्यापार को 200 अरब डॉलर तक दोगुना करने पर भी सहमति व्यक्त की।
धोलेरा में UAE की भागीदारी का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, पायलट प्रशिक्षण स्कूल, स्मार्ट शहरी नगर, रेलवे कनेक्टिविटी और ऊर्जा अवसंरचना से जुड़े प्रोजेक्ट्स की स्थापना करना है। दोनों देशों ने द्विपक्षीय नागरिक परमाणु सहयोग को भी बढ़ावा देने पर सहमति जताई।
विदेश सचिव ने बताया कि First Abu Dhabi Bank और DP World अपने कार्यालय और संचालन GIFT सिटी, गुजरात में स्थापित करेंगे। साथ ही, अबू धाबी में House of India का निर्माण किया जाएगा, जो भारतीय कला, विरासत और पुरातत्व के संग्रहालय सहित एक सांस्कृतिक स्थल होगा।
