रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन जल्द ही कोलकाता और गुवाहाटी के बीच संचालित की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले 15 से 20 दिनों के भीतर इस अत्याधुनिक ट्रेन का उद्घाटन करेंगे।
आज नई दिल्ली में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए रेल मंत्री ने कहा कि स्वदेशी तकनीक से डिजाइन और निर्मित वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का अंतिम हाई-स्पीड ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।
अश्विनी वैष्णव ने बताया कि यह 16 कोच वाली स्लीपर ट्रेन विशेष रूप से लंबी दूरी की यात्रा को ध्यान में रखते हुए विकसित की गई है, जो लगभग एक हजार से डेढ़ हजार किलोमीटर की दूरी तय करेगी।
रेल मंत्री के अनुसार, इस ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें आरामदायक स्लीपर बर्थ, ऑटोमैटिक दरवाजे और आधुनिक शौचालय शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का किराया तीसरे एसी श्रेणी में भोजन सहित लगभग 2,300 रुपये, दूसरे एसी के लिए करीब 3,000 रुपये और प्रथम एसी के लिए लगभग 3,600 रुपये रखा गया है।
