प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा पहुंच गए हैं। यह उनका इथियोपिया का पहला दौरा है। अदीस अबाबा पहुंचने पर इथियोपिया के प्रधानमंत्री डॉ. अबी अहमद अली ने विशेष पहल करते हुए स्वयं हवाई अड्डे पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

प्रधानमंत्री मोदी को अदीस अबाबा स्थित नेशनल पैलेस में औपचारिक समारोह के तहत गार्ड ऑफ ऑनर और पारंपरिक सम्मान दिया गया। यह ऐतिहासिक भवन, जिसे पहले जुबिली पैलेस (Eyubelyu) के नाम से जाना जाता था, वर्तमान में इथियोपिया के राष्ट्रपति का आधिकारिक निवास है। स्वागत समारोह के दौरान इथियोपिया की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने अपने इथियोपियाई समकक्ष डॉ. अबी अहमद के साथ पारंपरिक कॉफी सेरेमनी में भी भाग लिया। खास बात यह रही कि प्रधानमंत्री के स्वागत में हिंदी गीतों की प्रस्तुति भी की गई, जिसने दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक आत्मीयता को और प्रगाढ़ किया।
अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रधानमंत्री डॉ. अबी अहमद अली के बीच भारत-इथियोपिया द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं पर व्यापक चर्चा होगी। प्रधानमंत्री मोदी इथियोपिया की संसद के संयुक्त सत्र को भी संबोधित करेंगे, जो इस यात्रा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होगा।
प्रधानमंत्री मोदी के आगमन से पहले ही अदीस अबाबा को भव्य रूप से सजाया गया है। शहर भर में स्वागत पोस्टर, होर्डिंग्स और भारतीय झंडे लगाए गए हैं। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2011 के बाद यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की इथियोपिया की पहली यात्रा है, जिससे दोनों देशों के रिश्तों में नई ऊर्जा आने की उम्मीद जताई जा रही है।
इथियोपिया में करीब दो हजार भारतीयों का प्रवासी समुदाय भी प्रधानमंत्री के स्वागत की तैयारियों में जुटा है। इस दौरान गीत, कविताओं के पाठ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित कई विशेष गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
यह यात्रा भारत और इथियोपिया के बीच ग्लोबल साउथ के साझेदारों के रूप में साझा प्रतिबद्धता को दोहराती है। दोनों देश मित्रता को मजबूत करने और द्विपक्षीय सहयोग के विस्तार के लिए संकल्पबद्ध हैं। प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे में कृषि, खनन, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन और साइबर सुरक्षा जैसे विषयों पर अहम चर्चा होने की संभावना है।
