राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) केवल एक आधुनिक तकनीक नहीं है, बल्कि यह देश में सकारात्मक बदलाव लाने का एक बड़ा अवसर भी है। उन्होंने कहा कि आज के समय में एआई का महत्व तेजी से बढ़ रहा है और यह लगभग हर क्षेत्र में अपनी उपयोगिता साबित कर रहा है।
राष्ट्रपति आज राष्ट्रपति भवन में SOAR–Skilling for AI Readiness के तहत आयोजित एक विशेष कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में हर नागरिक के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को समझना और सीखना आवश्यक हो गया है, क्योंकि यह भविष्य की जरूरतों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों और संसद सदस्यों सहित कई शिक्षार्थियों को एआई प्रमाण पत्र प्रदान किए। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय जागरूकता अभियान “Skill The Nation Challenge” का भी शुभारंभ किया।
राष्ट्रपति मुर्मु ने उभरती तकनीकों को सीखने के लिए संसद सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि सांसदों द्वारा नई तकनीकों को अपनाना समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है, खासकर नेतृत्व की भूमिका में।
उन्होंने कहा कि इस चुनौती का उद्देश्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के प्रति जागरूकता बढ़ाना और देश को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। राष्ट्रपति ने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल लाखों शिक्षार्थियों को सशक्त बनाने, उनके कौशल को निखारने और देश के लिए एक भविष्य-तैयार कार्यबल तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
