पंजाब पुलिस ने राज्यभर में गैंगस्टर नेटवर्क, नशा तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू करते हुए 72 घंटे का विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार-2” शुरू किया है। इस अभियान का उद्देश्य प्रदेश में अपराध पर नियंत्रण करना और कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाना है।
अमृतसर ग्रामीण क्षेत्र में इस विशेष अभियान की शुरुआत डीआईजी इंदरबीर सिंह की निगरानी में की गई। इस दौरान अमृतसर ग्रामीण के एसएसपी सोहेल मीर सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। यह कार्रवाई थाना कम्बो क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव माल और आसपास के इलाकों में की गई।
डीआईजी इंदरबीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि ऑपरेशन प्रहार-2 आज से शुरू किया गया है और यह लगातार तीन दिनों तक चलेगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य राज्य में अपराध और अवैध गतिविधियों को जड़ से खत्म करना है।
उन्होंने बताया कि इससे पहले चलाए गए ऑपरेशन प्रहार-1 को भी काफी सफलता मिली थी और उसके सकारात्मक परिणाम सामने आए थे। उसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए अब ऑपरेशन प्रहार-2 को और अधिक प्रभावी तरीके से लागू किया जा रहा है, ताकि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने एसएसपी सोहेल मीर के नेतृत्व में सुबह से ही विभिन्न स्थानों पर छापेमारी और जांच अभियान शुरू कर दिया है। अब तक 100 से अधिक लोगों को राउंडअप कर उनकी गहन जांच और सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उन्हें सार्वजनिक किया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि इस तरह के विशेष अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे ताकि प्रदेश में शांति और सुरक्षा का माहौल बनाए रखा जा सके।
