पूर्णिया जिले के कृत्यानंद नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बाघमारा में मैट्रिक परीक्षार्थी दिव्यांशु को गोली मारने की घटना में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
एसपी स्वीटी सेहरावत ने बताया कि दिव्यांशु और रौनक के बीच पहले से इंस्टाग्राम पर एक संदेश को लेकर विवाद चल रहा था। रौनक ने पूर्व में भी दिव्यांशु को धमकी दी थी।
पुलिस के अनुसार, जब दिव्यांशु परीक्षा देने के लिए बाघमारा स्थित सरस्वती विद्या मंदिर पहुंचा, उसी दौरान रौनक और उसके एक साथी ने उसे गोली मार दी। गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त पिस्तौल और बाइक भी बरामद कर ली गई है। एसपी ने बताया कि आरोपितों को हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
