पूर्णिया जिले में सामने आई सामूहिक दुष्कर्म की गंभीर घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस मामले में मुख्य आरोपी जुनैद को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य पांच आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।
एफआईआर में दर्ज बयान के अनुसार, आरोपी जुनैद ने पीड़िता को नेवा लाल चौक से एक स्विफ्ट कार में जबरन बैठाया और उसे सुनसान स्थान पर ले गया। वहां स्थित एक कमरे में अन्य आरोपियों को बुलाया गया, जहां पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। इसके बाद अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़िता के अनुसार, बाद में आरोपी जुनैद ने नशे की हालत में दोबारा उसके साथ अपराध किया और इसके बाद सो गया। इसी दौरान मौका पाकर पीड़िता ने जुनैद के मोबाइल फोन से आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल कर घटना की जानकारी दी और अपनी लोकेशन साझा की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को सुरक्षित थाने लाया गया।
इस मामले में डगरूआ थाना में सामूहिक दुष्कर्म से संबंधित गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। केस की जांच अधिकारी एसआई पूर्णिमा कुमारी के नेतृत्व में पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए जीएमसीएच ले जाया गया, जहां आवश्यक चिकित्सीय परीक्षण कराया गया।
जांच अधिकारी पूर्णिमा कुमारी ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और मामले में कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और पूरे मामले पर वरीय अधिकारियों की निगरानी में जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पीड़िता को हरसंभव कानूनी और चिकित्सीय सहायता प्रदान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
