पूर्णिया विश्वविद्यालय की छठी सीनेट बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 338 करोड़ रुपये के बजट को सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक का विधिवत उद्घाटन कुलपति विवेकानंद सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद सीनेट सदस्यों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की, वहीं विश्वविद्यालय की छात्राओं ने राष्ट्रीय गान की प्रस्तुति दी।
बैठक की शुरुआत में कुलपति विवेकानंद सिंह ने विश्वविद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसके पश्चात बजट पर विस्तृत चर्चा हुई, जिसमें सभी सदस्यों ने अपनी राय रखी और अंततः सर्वसम्मति से बजट को मंजूरी दे दी गई।
सीनेट बैठक में सत्तारूढ़ दल के बिहार विधान परिषद के उप नेता राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, विधान पार्षद संजीव कुमार सिंह, डॉ. संजीव कुमार, डॉ. संजीव राकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में सीनेट सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के दौरान सदस्यों ने छात्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और विश्वविद्यालय के विकास से संबंधित मुद्दों को भी उठाया।
इस अवसर पर कुलपति विवेकानंद सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय में पिछले कुछ वर्षों में उल्लेखनीय सुधार हुए हैं, हालांकि कुछ क्षेत्रों में अभी और ठोस पहल की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि पारित बजट के माध्यम से शैक्षणिक गुणवत्ता और प्रशासनिक सुधारों को और अधिक गति दी जाएगी।
