उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए इसे विकसित भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण बजट बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा।
देहरादून में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह बजट उत्तराखंड को समावेशी, संतुलित और सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ाने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि बजट में ऐसे प्रावधान किए गए हैं जो राज्य के बुनियादी ढांचे, रोजगार और सामाजिक विकास को मजबूती प्रदान करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट देश की आत्मा, आत्मविश्वास और प्रगतिशील सोच को और अधिक मजबूत करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि बजट में किए गए प्रावधानों से देश के साथ-साथ उत्तराखंड के विकास को भी नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का यह बजट देश के हर वर्ग के विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिससे आने वाले समय में भारत वैश्विक स्तर पर और मजबूत स्थिति में खड़ा होगा। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह बजट विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में एक मजबूत आधार तैयार करता है।
