बैडमिंटन में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु आज से कुआलालंपुर के एक्सियाटा एरिना स्टेडियम में शुरू हो रहे मलेशिया ओपन 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट के साथ प्रतिस्पर्धी खेल में वापसी कर रही हैं। यह टूर्नामेंट बीडब्ल्यूएफ सुपर 1000 श्रेणी का सीजन का पहला और प्रतिष्ठित आयोजन है।
मलेशिया ओपन 2026, सिंधु के लिए नई शुरुआत का प्रतीक माना जा रहा है, क्योंकि वर्ष 2025 उनके लिए चोटों से प्रभावित रहा था। महिला एकल वर्ग में भारत की ओर से पीवी सिंधु के अलावा मालविका बंसोड़ और उन्नति हुड्डा भी चुनौती पेश करेंगी।
पुरुष एकल में भारत की उम्मीदें पेरिस ओलंपिक 2024 के सेमीफाइनलिस्ट लक्ष्य सेन और युवा शटलर आयुष शेट्टी पर टिकी होंगी। दोनों खिलाड़ियों से इस शीर्ष स्तर के टूर्नामेंट में मजबूत प्रदर्शन की अपेक्षा की जा रही है।
पुरुष युगल वर्ग में भारत की चुनौती का नेतृत्व दो बार के विश्व चैंपियनशिप कांस्य पदक विजेता चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी की जोड़ी करेगी। ‘सैट-ची’ की यह जोड़ी मलेशिया ओपन में तीसरी वरीयता प्राप्त है और उन्होंने वर्ष 2024 में इसी टूर्नामेंट का खिताब भी जीता था।
वहीं महिला युगल में भारत की ओर से ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी पर निगाहें रहेंगी। यह जोड़ी पिछले महीने सैयद मोदी इंटरनेशनल टूर्नामेंट में अपना खिताब बरकरार रखने के बाद आत्मविश्वास से भरी हुई है।
