बैडमिंटन में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु आज कुआलालंपुर में मलेशिया ओपन सुपर 1000 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में चीन की वांग झी यी से मुकाबला करेंगी।
पीवी सिंधु ने जापान की अकाने यामागुची के चोट के कारण मैच से हटने के बाद सेमीफाइनल में जगह बनाई। क्वार्टरफाइनल मुकाबले में सिंधु ने पहला गेम 21-11 से अपने नाम किया था। घुटने में पट्टी बांधे खेल रही तीन बार की विश्व चैंपियन अकाने यामागुची ने इसके बाद चोट के चलते मैच छोड़ने का फैसला किया।
इस बीच, भारत की शीर्ष पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया। क्वार्टरफाइनल मुकाबले में भारतीय जोड़ी को इंडोनेशिया के फजार अल्फियान और मुहम्मद फिकरी की जोड़ी के खिलाफ 10-21, 21-23 से हार का सामना करना पड़ा।
