राजगीर स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के रंगरूट प्रशिक्षण केंद्र में 58वें बैच का भव्य दीक्षांत परेड समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर 1340 नवप्रशिक्षित जवानों ने कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और देश की सेवा के प्रति समर्पण की शपथ ली। दीक्षांत परेड में जवानों ने अपने प्रशिक्षण के दौरान अर्जित अदम्य साहस, शारीरिक दक्षता और वीरता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसने उपस्थित सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह के मुख्य अतिथि सीआरपीएफ साउथ जोन के अपर महानिदेशक रविदीप सिंह साही रहे। उन्होंने परेड की सलामी ली और जवानों के अनुशासन, उत्साह तथा कठिन प्रशिक्षण की सराहना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ के जवान देश की आंतरिक सुरक्षा की रीढ़ हैं और राष्ट्र की एकता व अखंडता की रक्षा में उनका योगदान अतुलनीय है।
इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सिपाही ज्योतिरादित्य मंगोत्रा को ‘ऑल राउंड बेस्ट सिपाही’ के सम्मान से नवाजा गया। कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों ने नवप्रशिक्षित जवानों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और उन्हें निष्ठा, साहस और ईमानदारी के साथ राष्ट्र सेवा में समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। यह दीक्षांत समारोह न केवल जवानों के लिए, बल्कि उनके परिवारों और सीआरपीएफ बल के लिए भी गर्व का क्षण रहा।
