उत्तराखंड के नैनीताल जिले के हल्द्वानी में कल रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का एक दिवसीय भ्रमण प्रस्तावित है। इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान रक्षा मंत्री उत्तराखंड सरकार के कार्यकाल के सफल 4 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम की महत्ता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तैयारियों की समीक्षा करने स्वयं हल्द्वानी पहुँचे। मुख्यमंत्री ने काठगोदाम सर्किट हाउस में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी और अन्य वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की, जहाँ कुमाऊं मंडल आयुक्त ने अब तक की गई सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी साझा की। बैठक के पश्चात मुख्यमंत्री ने सभा स्थल का स्थलीय निरीक्षण भी किया और सुरक्षा व अन्य प्रबंधों को लेकर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए।
