200 वर्ष पुराने राम जानकी मंदिर से चोरी हुई अष्टधातु की भगवान राम, लक्ष्मण और सीता की लगभग 70 किलो वजनी मूर्तियाँ पुलिस ने बरामद कर ली हैं। इन मूर्तियों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आँकी जा रही है। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि मूर्तियों की बरामदगी के लिए एसओजी और सर्विलांस टीम तैनात की गई थी, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें आयुष त्रिवेदी, अमन कुमार और अभिषेक यादव शामिल हैं।
आरोपियों ने 13 दिसंबर की रात राम जानकी मंदिर से मूर्तियाँ चोरी की थीं। डलमऊ कोतवाली, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से चोरी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल तथा 30 हजार रुपये नगद भी बरामद किए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद की गई अष्टधातु मूर्तियों को विधि-सम्पन्न पूजा-अर्चना के बाद पुनः मंदिर में स्थापित किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं की आस्था पूर्ववत बनी रहे।
