अमर शहीद पंडित रामप्रसाद बिस्मिल की 98वीं पुण्यतिथि मुरैना में श्रद्धा, सम्मान और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर डाइट कॉलेज परिसर में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जिला कलेक्टर सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने अमर शहीद के महान व्यक्तित्व और देश के प्रति उनके योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
शहादत दिवस के अवसर पर जिलेभर में विशेष शैक्षणिक और जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं। मुरैना जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में अमर शहीद रामप्रसाद बिस्मिल की जीवन गाथा पर आधारित निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली जिले की पाँच छात्राओं को जिला कलेक्टर द्वारा प्रमाण पत्र और प्रोत्साहन राशि के चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स, सीनियर छात्रों, भूतपूर्व सैनिकों तथा स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को भी शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं डाइट परिसर स्थित शहीद रामप्रसाद बिस्मिल मंदिर से भव्य मशाल यात्रा निकाली गई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई शहीद रामप्रसाद बिस्मिल संग्रहालय पहुँची। वहाँ पुष्पांजलि अर्पित कर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
इसके पश्चात मशाल यात्रा अंबाह तहसील के शहीद बिस्मिल के पैतृक निवास बरवाई गांव पहुँची, जहाँ श्रद्धा और सम्मान के साथ इसका समापन किया गया। पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति और बलिदान की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
