लखनऊ के बसंतकुंज क्षेत्र में विकसित किया गया ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ कई विशिष्ट आकर्षणों के साथ देश के महान नेताओं की स्मृतियों और विचारों को जीवंत बनाएगा। यह स्थल न केवल एक स्मारक के रूप में विकसित किया गया है, बल्कि इसे सांस्कृतिक, वैचारिक और प्रेरणादायी केंद्र के रूप में भी स्थापित किया गया है।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल का प्रमुख आकर्षण भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की भव्य प्रतिमा होगी, जो उनके विचारों, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण में योगदान का प्रतीक बनेगी। इसके साथ ही स्थल परिसर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाएं भी स्थापित की गई हैं, जो भारतीय राजनीति और विचारधारा के महत्वपूर्ण स्तंभ रहे हैं।
परिसर में लगभग 6,300 वर्गमीटर क्षेत्रफल में एक अत्याधुनिक म्यूजियम ब्लॉक विकसित किया गया है, जिसमें अटल बिहारी वाजपेयी सहित अन्य महान नेताओं के जीवन, विचारों और ऐतिहासिक योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त आगंतुकों के लिए एक शांत और आध्यात्मिक वातावरण प्रदान करने हेतु मेडिटेशन सेंटर की भी व्यवस्था की गई है।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल में बड़े कार्यक्रमों और राष्ट्रीय आयोजनों के लिए विशाल स्टेज और खुला मैदान बनाया गया है। साथ ही सुचारु आवागमन और सुविधाओं के लिए पाथ-वे, तीन हेलीपैड, पांच टॉयलेट ब्लॉक जैसी आधुनिक आधारभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
यह राष्ट्र प्रेरणा स्थल आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्रभक्ति, सेवा और विचारधारा से प्रेरणा लेने का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
