गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में बिहार के बेगूसराय जिले की जीविका से जुड़ी चार जीविका दीदियाँ और एक संचार प्रबंधक विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह उपलब्धि न केवल जीविका परिवार बल्कि पूरे बेगूसराय जिले के लिए गर्व का विषय है।
चयनित जीविका दीदियाँ ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण की सशक्त उदाहरण हैं। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आजीविका संवर्धन, नेतृत्व विकास और सामाजिक बदलाव के क्षेत्र में सराहनीय कार्य किया है। उनके प्रयासों से कई महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है। केंद्र सरकार द्वारा गणतंत्र दिवस समारोह में आमंत्रित किया जाना उनके कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान को दर्शाता है।
गौरतलब है कि जीविका परियोजना के तहत बिहार के विभिन्न जिलों से कुल 18 जीविका दीदियाँ इस प्रतिष्ठित समारोह में भाग लेंगी। इनमें बेगूसराय, भोजपुर और नालंदा जिलों से चार-चार जीविका दीदियाँ चुनी गई हैं, जबकि गया और जहानाबाद से तीन-तीन जीविका दीदियाँ इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनेंगी।
यह सहभागिता न केवल जीविका दीदियों के लिए सम्मान की बात है, बल्कि ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की भी झलक प्रस्तुत करती है।
