आज पूरे देश में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर कई स्थानों पर मुस्लिम समुदाय ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। पंजाब के पठनकोट जिले के गांव नाला में स्थित एक मदरसे में 26 जनवरी के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां मुस्लिम समुदाय के बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने “भारत माता की जय” के नारे लगाए, तिरंगा ध्वज फहराया और राष्ट्रगान गाकर देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया। बच्चों ने बताया कि भले ही भारत 15 अगस्त 1947 को आज़ाद हुआ था, लेकिन वास्तविक स्वतंत्रता 26 जनवरी 1950 को मिली, जब बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा रचित संविधान लागू हुआ और देशवासियों को उनके लोकतांत्रिक अधिकार प्राप्त हुए।
बच्चों ने कहा कि यह देश सभी का है और वे भी इस देश का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से देश को जोड़ने और प्रगति की राह पर आगे बढ़ाने में अपना योगदान देने की अपील की। कार्यक्रम में शामिल अतिथियों ने भी मुस्लिम समुदाय द्वारा गणतंत्र दिवस को इतने उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाए जाने पर खुशी व्यक्त की और इसे सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बताया।
