राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने आज समाहरणालय परिसर से सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर परिवहन विभाग के जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) अमर ज्योति, अपर जिलाधिकारी प्रमोद राम, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह जागरूकता रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण करेगा और सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश आम जनता तक पहुंचाएगा। इसके माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित ड्राइविंग और दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा।
मीडिया से बातचीत में जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सबसे अधिक युवा वर्ग प्रभावित होता है, इसी कारण पूरे माह विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी सुरक्षित सड़क व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
