रोहतास पुलिस ने नासरीगंज थाना क्षेत्र के बरडीहा स्थित कथित रेड लाइट इलाके में चल रही अनैतिक गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। गुप्त सूचना के आधार पर आधा दर्जन थानों की संयुक्त टीम ने इस रेड में 17 लड़कियों को सुरक्षित पुलिस अभिरक्षा में लिया और दो महिलाओं सहित तीन आर्केस्ट्रा संचालकों को गिरफ्तार किया।
अचानक हुई इस पुलिस कार्रवाई से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गाने-बजाने और नृत्य से जुड़े कई घरों में भगदड़ जैसे हालात बन गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुलिस टीम को आते देख कई संचालिकाएं और महिलाएं खेतों की ओर भागकर छिपने की कोशिश करती नजर आईं। इसी दौरान पुलिस ने तीन आर्केस्ट्रा संचालकों को पकड़ लिया।
सुरक्षित निकाली गई सभी लड़कियों को उम्र सत्यापन और चिकित्सीय परीक्षण के लिए सासाराम स्थित सदर अस्पताल भेजा गया, जहां मेडिकल टीम ने उनकी आवश्यक जांच की।
इस पूरे अभियान का नेतृत्व एएसपी-सह-एसडीपीओ बिक्रमगंज संकेत कुमार ने किया। नासरीगंज, काराकाट सहित आसपास के कई थानों की पुलिस टीमें इस कार्रवाई में शामिल रहीं।
बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए एसपी रोहतास रौशन कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दूसरे राज्यों से लड़कियों को आर्केस्ट्रा में काम देने के नाम पर लाया जाता है और बाद में उन्हें जबरन अनैतिक धंधे में धकेल दिया जाता है। इसी सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई में 17 लड़कियों को सुरक्षित निकाल लिया गया और तीन संचालकों को गिरफ्तार किया गया।
एसपी ने बताया कि संबंधित राज्यों की पुलिस से संपर्क स्थापित किया जा रहा है। इस मामले में कुल 11 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है, जबकि फरार 8 आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
