ऑपरेशन मुस्कान के तहत रोहतास नगर थाना पुलिस ने एक सराहनीय पहल करते हुए विभिन्न स्थानों से खोए 18 मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा। अपने मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।
मोबाइल धारकों ने बताया कि उनके मोबाइल अलग-अलग स्थानों पर खो गए थे, जिसके बाद उन्होंने नगर थाना में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस की सक्रियता और सतर्कता के चलते उनके खोए मोबाइल उन्हें वापस मिल सके।
डीएसपी दिलीप कुमार ने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत खोए मोबाइल फोन की खोज कर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को लौटाया जाता है। इसी अभियान के तहत नगर थाना पुलिस ने कुल 18 मोबाइल बरामद कर सफलतापूर्वक उनके धारकों को सौंपे हैं। डीएसपी ने कहा कि इससे पूर्व भी कई बार खोए मोबाइल खोजकर वापस किए जा चुके हैं और इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।
