उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिला एवं सत्र न्यायालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक अज्ञात स्रोत से धमकी भरा संदेश मिलने के बाद हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जनपद न्यायाधीश ने तत्काल पुलिस को इस संबंध में सूचित किया, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर के नेतृत्व में पुलिस, अभिसूचना और अन्य सुरक्षा इकाइयों ने त्वरित कार्रवाई की। एहतियात के तौर पर पूरे न्यायालय परिसर को खाली करा लिया गया और मुख्य द्वार पर आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई। सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए परिसर में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और पीएसी की टीमें तैनात की गईं।
सर्च ऑपरेशन के दौरान बम निरोधक दस्ते (BDS) ने पूरे न्यायालय परिसर का गहन तकनीकी निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, सुरक्षा की दृष्टि से जिले के अन्य सभी न्यायालय परिसरों में भी पुलिस और इंटेलिजेंस की टीमों को मुस्तैद कर दिया गया है। एसपी नीहारिका तोमर ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि सघन चेकिंग अभियान के दौरान परिसर में कोई भी संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के धमकी भरे ई-मेल भेजकर माहौल खराब करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अब इस धमकी भरे मेल के स्रोत की गहनता से जांच कर रही है। इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध कोतवाली रुद्रप्रयाग में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने जनता और न्यायालय कर्मचारियों से सतर्क रहने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द ही चिन्हित कर लिया जाएगा।
