मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत सागर जिले में बकरी पालन को वैज्ञानिक और संगठित स्वरूप देने के उद्देश्य से एक अभिनव पहल की जा रही है। इस योजना के अंतर्गत ग्रामीण महिलाओं को “बकरी पालन प्रोत्साहन सखी” के रूप में प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि बकरी पालन से जुड़े परिवारों को तकनीकी और व्यवहारिक सहयोग मिल सके।
इन बकरी पालन प्रोत्साहन सखियों को आहार प्रबंधन, समय पर टीकाकरण, रोगों की पहचान, उपचार, उत्तम नस्ल का चयन और नस्ल सुधार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के बाद ये सखियां गांव-गांव और घर-घर जाकर बकरी पालकों को आवश्यक सलाह देंगी, बकरी पालन पाठशालाओं का आयोजन करेंगी और पशुपालन विभाग के साथ समन्वय कर टीकाकरण सहित अन्य सेवाएं समय पर उपलब्ध कराएंगी।
महिलाओं को दक्ष और सशक्त बनाने के लिए खुरई विकासखंड में 29 से 31 दिसंबर तक तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में चयनित महिलाओं को विषय विशेषज्ञों और प्रशिक्षकों द्वारा व्यावहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिससे वे बकरी पालन को आजीविका का मजबूत साधन बना सकें।
जिला ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारियों के अनुसार, इस पहल से न केवल बकरी पालन को वैज्ञानिक दिशा मिलेगी, बल्कि ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
