समस्तीपुर जिले में भीषण ठंड और घने कोहरे के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता काफी कम हो गई है, जिससे आम लोगों को रोजमर्रा के कामकाज और यात्रा में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
घने कोहरे का असर रेल यातायात पर भी साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। समस्तीपुर से गुजरने वाली कई लंबी दूरी और लोकल ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों विलंब से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को स्टेशनों पर लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के मौसम विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस दौरान दृश्यता कम रहने की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष सतर्कता बरतें, अनावश्यक यात्रा से बचें और यदि यात्रा आवश्यक हो तो समय से पहले निकलें। वाहन चालकों को धीमी गति से चलने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है।
