बिहार के समस्तीपुर जिले में होली पर्व से पहले अवैध शराब कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद की है। जिले के दो अलग-अलग स्थानों पर की गई छापेमारी में भारी मात्रा में शराब जब्त की गई और तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
उत्पाद अधीक्षक मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। होली को देखते हुए जिले में अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए उत्पाद विभाग लगातार छापेमारी अभियान चला रहा है।
पहली कार्रवाई मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गंगापुर इलाके में की गई, जहां एक ट्रक से 4915.44 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। जांच के दौरान पाया गया कि शराब को गुप्त रूप से परिवहन किया जा रहा था। टीम ने ट्रक को जब्त करते हुए मौके से तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं दूसरी छापेमारी दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के बसढ़िया गांव के पास की गई। यहां एक कंटेनर में छिपाकर रखी गई 706.5 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। उत्पाद विभाग की टीम ने कंटेनर को कब्जे में लेते हुए पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों के अनुसार, बरामद शराब की कुल कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ की जा रही है ताकि शराब तस्करी के नेटवर्क और इसके पीछे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिल सके।
उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर सख्त नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
