जनपद संभल के नखासा थाना क्षेत्र में फरार गैंगस्टर शारिक उर्फ साठा की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई सदर तहसील क्षेत्र में स्थित शाही जामा मस्जिद के दूसरे सर्वे के दौरान हुई हिंसा के मामले से जुड़ी है, जिसमें शारिक साठा को मास्टरमाइंड बताया जा रहा है।
न्यायालय के आदेश पर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने नखासा थाना क्षेत्र के मोहल्ला हिंदूपुरा खेड़ा पजाया में स्थित शारिक साठा के मकान को कुर्क किया। कार्रवाई के दौरान नखासा, रायसत्ती, संभल कोतवाली, हयातनगर और AHTU थानों की 100 से अधिक पुलिसकर्मियों की टीम मौके पर मौजूद रही।
सुबह से ही पूरे इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई थी। कुर्की की प्रक्रिया के दौरान डुगडुगी बजाकर सार्वजनिक सूचना दी गई और पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया। मौके पर एएसपी उत्तरी कुलदीप सिंह, असमोली सीओ कुलदीप कुमार, तहसीलदार संभल धीरेंद्र प्रताप सिंह, लेखपाल ज्ञानेश कुमार और राहुल कुमार धारीवाला सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
पुलिस के अनुसार शारिक साठा देश का कुख्यात ऑटो लिफ्टर है, जिसके खिलाफ 60 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बताया गया है कि वह हर साल सैकड़ों लग्जरी गाड़ियों की चोरी करवाता था और वर्तमान में दुबई से अपना आपराधिक नेटवर्क संचालित कर रहा है।
तहसीलदार धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 84 के तहत न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए यह कुर्की की कार्रवाई की जा रही है।
