मध्य प्रदेश के सांदीपनि विद्यालय अब अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए पहचाने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हाल ही में कहा कि राज्य सरकार नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप स्कूल शिक्षा में सुधार के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सांदीपनि विद्यालयों के माध्यम से बच्चों को न केवल उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा दी जा रही है, बल्कि उनके कौशल विकास और रोजगार के अवसरों से जोड़ने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
राज्य में सांदीपनि विद्यालयों की शुरुआत 2022-23 के शैक्षणिक सत्र में हुई थी। पहले चरण में ही 274 विद्यालय शुरू किए गए थे, जिनमें 3 लाख से अधिक बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इन विद्यालयों में केजी-वन से लेकर 12वीं कक्षा तक की शिक्षा दी जा रही है। पिछले शैक्षणिक सत्र में, कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम 88% और कक्षा 12वीं का 84% रहा, जो इनकी गुणवत्ता का प्रमाण है।
स्कूल शिक्षा विभाग सांदीपनि विद्यालयों में अधोसंरचना को बेहतर बनाने पर भी जोर दे रहा है। 256 नए विद्यालय भवनों का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, जिसके लिए लगभग 10 हजार करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार की गई है। अब तक 44 विद्यालय भवन बनकर तैयार हो चुके हैं और अगले शैक्षणिक सत्र 2026-27 तक सभी 256 विद्यालयों का निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद है। छात्रों को सुविधा हो, इसके लिए 10 से 15 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले विद्यार्थियों के लिए मुफ्त परिवहन सेवा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
इन विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। पूरी तरह से सुसज्जित प्रयोगशालाएं, कंप्यूटर लैब, आर्ट एंड क्राफ्ट रूम, म्यूजिक रूम, आधुनिक लाइब्रेरी और खेल मैदान के साथ ऑडिटोरियम भी बनाए गए हैं।
सांदीपनि विद्यालयों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार भी जीते हैं। 2024 में, सांदीपनि बिनोवा विद्यालय रतलाम को नवाचार श्रेणी में टी-4 एजुकेशन संस्था का पहला पुरस्कार मिला, जिसके साथ 10 हजार डॉलर की राशि भी प्रदान की गई। इसी तरह, सांदीपनि विद्यालय झाबुआ को सर्पोटिंग हेल्थी लाइफ श्रेणी में विश्व के शीर्ष 10 विद्यालयों में शामिल किया गया है। 2025 में, सांदीपनि विद्यालय मालव कन्या को फिक्की द्वारा एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित किया गया। इन उपलब्धियों से यह स्पष्ट है कि मध्य प्रदेश के सांदीपनि विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहचान बना रहे हैं।
