सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत गंजबासौदा में विधानसभा स्तरीय भव्य समापन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री एवं स्थानीय सांसद शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बासौदा विधायक हरि सिंह रघुवंशी, कुरवाई विधायक हरि सिंह सप्रे, विदिशा विधायक मुकेश टंडन सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों को मेडल और शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए सांसद खेल महोत्सव एक सशक्त मंच प्रदान कर रहा है।
शिवराज सिंह चौहान ने जानकारी दी कि सांसद खेल महोत्सव का फाइनल समापन कार्यक्रम आगामी एक और दो फरवरी को रायसेन में आयोजित किया जाएगा, जहां विभिन्न विधानसभा स्तर के विजेता खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। उन्होंने युवाओं से खेलों के माध्यम से अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
समापन समारोह के अवसर पर कबड्डी और क्रिकेट प्रतियोगिताओं के रोमांचक फाइनल मुकाबले खेले गए। इन मुकाबलों में बासौदा नगर मंडल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता स्थान हासिल किया, जिससे खिलाड़ियों और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
