डीआईजी सह एसएसपी कुमार आशीष के निर्देश पर सारण पुलिस ने बीते 24 घंटे के भीतर नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार पर कड़ा प्रहार किया है। इस अभियान के तहत जिले में संचालित 4 अवैध शराब भट्टियों को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान 15,500 लीटर अर्धनिर्मित शराब को मौके पर ही नष्ट किया गया, जबकि 3,357 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है। इसके अलावा कुल 17 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) रामपुकार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिलेभर में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत यह कार्रवाई की गई है।
एएसपी ने बताया कि अभियान के क्रम में रिविलगंज और भेल्दी थाना क्षेत्रों में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। रिविलगंज थाना क्षेत्र से 22.30 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसमें एक पुरुष और एक महिला अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। वहीं भेल्दी थाना क्षेत्र से 4.70 किलोग्राम गांजा के साथ एक अन्य अभियुक्त को भी हिरासत में लिया गया है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। सभी मामलों में संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
