शनिवार की देर शाम सरस्वती प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। विसर्जन के लिए नदी में उतरी नाव अचानक असंतुलित होकर पलट गई, जिससे दो युवक बूढ़ी गंडक नदी में डूब गए। नाव पर सवार चार अन्य युवक तैरकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, जबकि दो युवक अब तक लापता हैं। उनकी तलाश के लिए गोताखोरों द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
यह घटना खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के बरियारपुर पश्चिमी पंचायत अंतर्गत बूढ़ी गंडक नदी के राम घाट पर हुई। लापता युवकों की पहचान फफौत गांव निवासी रामबालक महतो के 17 वर्षीय पुत्र कृष्ण कुमार और बरियारपुर पश्चिमी गांव निवासी शत्रुधन महतो के 21 वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार के रूप में की गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तारा गांव स्थित एक कोचिंग संस्थान में स्थापित सरस्वती प्रतिमा के विसर्जन के लिए कुछ युवक राम घाट पहुंचे थे। विसर्जन के दौरान अचानक कृष्ण कुमार का पैर फिसल गया और वह नदी में गिरकर डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में नाव पर मौजूद आदित्य कुमार ने उसका हाथ पकड़ लिया, लेकिन इसी दौरान नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह भी नदी में गिर पड़ा। कुछ ही पलों में दोनों युवक गहरे पानी में समा गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन सक्रिय हो गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। प्रशासन और स्थानीय लोगों के सहयोग से गोताखोरों को बुलाया गया, जो लगातार नदी में दोनों युवकों की तलाश कर रहे हैं। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है और परिजन बेसब्री से खोजबीन पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं।
