कारोबार की खबरों में आज घरेलू शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी लगातार चौथे कारोबारी सत्र में गिरावट के साथ बंद हुए। दोनों ही सूचकांकों में लगभग एक प्रतिशत की कमजोरी दर्ज की गई। बाजार की शुरुआत कमजोर रुख के साथ हुई और पूरे सत्र के दौरान बिकवाली का दबाव बना रहा।
बीएसई सेंसेक्स 780 अंकों की भारी गिरावट के साथ 84,181 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं एनएसई निफ्टी 264 अंक फिसलकर 25,877 पर आ गया। व्यापक बाजार में भी कमजोरी देखने को मिली और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रदर्शन प्रमुख सूचकांकों से भी कमजोर रहा।
मिड-कैप और स्मॉल-कैप शेयरों में भी तेज बिकवाली देखने को मिली। बीएसई का मिड-कैप सूचकांक और स्मॉल-कैप सूचकांक दोनों ही लगभग दो प्रतिशत तक टूट गए, जिससे निवेशकों की धारणा पर नकारात्मक असर पड़ा।
विदेशी मुद्रा बाजार की बात करें तो आज रुपये में भी कमजोरी दर्ज की गई। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 14 पैसे टूटकर 90 रुपये 02 पैसे प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
