सिवान के रेनुवा में एक साहित्यिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त युवा लेखिका शालिनी सिन्हा की चर्चित पुस्तक “मीडिया का AI अवतार” समेत उनकी अन्य तीन पुस्तकों का लोकार्पण हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिवान के नवपदस्थापित जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय रहे। इस अवसर पर शहर के कई गणमान्य लोग और साहित्यप्रेमी भी उपस्थित थे।
जिलाधिकारी मैत्रेय ने कहा कि यह सिवान के लिए गर्व की बात है कि एक युवा महिला लेखिका सीमित संसाधनों और संघर्षों के बावजूद उत्कृष्ट साहित्यिक कार्य कर रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को समझने के लिए ऐसी किताबें अत्यंत उपयोगी हैं, और लोगों को नियमित रूप से पुस्तकें पढ़नी चाहिए।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित लेखिका शालिनी सिन्हा ने अपनी पुस्तकों के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनकी रचनाएं समाज, मीडिया और तकनीक के बदलते स्वरूप को सामने लाने का प्रयास हैं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने पुस्तकों की सराहना की और लेखिका को बधाई दी।
