योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अपराधियों पर लगातार कड़ी कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में मंगलवार तड़के शामली जिले के थानाभवन क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश समयदीन उर्फ सामा ढेर हो गया। समयदीन, मोहल्ला रायजादगान थाना कांधला का निवासी था और लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था।
पुलिस से मुठभेड़ के दौरान घायल हुए बदमाश को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। समयदीन पर पहले से 32 मुकदमे दर्ज थे और वह थाना कांधला का हिस्ट्रीशीटर भी था।
घटना उस समय हुई जब पुलिस को सूचना मिली कि कुछ बदमाश थानाभवन क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात की तैयारी में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने भैंसानी-इस्लामपुर के जंगलों में स्थित बंद पड़े भट्टे की घेराबंदी की। वहां 4–5 बदमाश आग जलाकर बैठे हुए थे। पुलिस को देखते ही उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एक सिपाही गोली लगने से घायल हो गया।
जवाबी फायरिंग में समयदीन को गोली लगी और बाद में उसकी मौत हो गई। उसके पांच साथी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगा दी गई हैं। घटनास्थल से दो पिस्तौल, एक तमंचा और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए हैं।
एसपी शामली एनपी सिंह ने बताया कि पुलिस की अग्रिम कानूनी कार्रवाई जारी है और फरार बदमाशों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
