बिहार के शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र के छबीलाठिका गांव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने साइबर ठगी से जुड़े अपराधों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
साइबर डीएसपी ज्योति कुमारी ने बताया कि संयुक्त पुलिस कार्रवाई के तहत इन पांचों आरोपियों को पकड़ा गया। आरोपियों के पास से छह मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल साइबर ठगी के लिए किया जा रहा था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ‘धानी एप’ के जरिए लोगों को कम ब्याज पर लोन देने का झांसा देते थे। इसके बाद प्रोसेसिंग फीस और अन्य शुल्क के नाम पर लोगों से पैसे ठग लेते थे।
पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध ऐप या लोन ऑफर के झांसे में न आएं। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन को दें, ताकि साइबर अपराधों को रोका जा सके।
पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
