शेखपुरा जिले में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के अंतर्गत गुरुवार को स्कूलों में बच्चों को दवा पिलाने की विशेष शुरुआत की गई। अभ्यास मध्य विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन जिला शिक्षा पदाधिकारी तनवीर आलम एवं एसीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य को दवा खिलाकर की गई, जिसके बाद छात्रों को क्रमवार दवा दी गई। एसीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने जानकारी दी कि 10 फरवरी से संचालित इस अभियान के तहत अब तक 94 प्रतिशत लोगों को दवा की खुराक दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि स्कूलों में तीन दिनों तक विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का प्रयास किया जाएगा।
जिला शिक्षा पदाधिकारी तनवीर आलम ने कहा कि सभी स्कूली बच्चों को दवा उपलब्ध कराने के लिए प्रधानाध्यापकों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने फाइलेरिया उन्मूलन के इस अभियान में बच्चों और विद्यालय प्रशासन की सक्रिय सहभागिता पर जोर दिया।
