युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के निर्देश पर जिला नियोजनालय शेखपुरा द्वारा एक दिवसीय नियोजन सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला का आयोजन किया गया। यह मेला शहर के स्टेशन रोड स्थित अभ्यास मध्य विद्यालय के मैदान में आयोजित हुआ, जिसका उद्घाटन जिलाधिकारी शेखर आनंद ने दीप प्रज्वलित कर किया।
उद्घाटन समारोह के दौरान उप विकास आयुक्त (डीडीसी) संजय कुमार, उद्योग महाप्रबंधक सुजात, जिला नियोजन पदाधिकारी शिखा राय सहित कई अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
रोजगार मेले में बड़ी संख्या में बेरोजगार युवक-युवतियों ने भाग लिया। मेले में पहुँचे अभ्यर्थी अपने-अपने कौशल और योग्यता के अनुसार विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों से रोजगार से जुड़ी जानकारी प्राप्त करते नजर आए और आवेदन की प्रक्रिया को समझा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी शेखर आनंद ने बताया कि नियोजन सह मार्गदर्शन मेले में कुल 23 कंपनियों ने भाग लिया है, जिनके माध्यम से लगभग 900 बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपने कौशल के अनुरूप आवेदन कर इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस प्रकार के रोजगार मेले सरकार द्वारा बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक प्रभावी और सशक्त मंच हैं। वहीं जिला नियोजन पदाधिकारी शिखा राय ने जानकारी दी कि मेले में अब तक 800 से अधिक युवक-युवतियों ने रोजगार के लिए अपना पंजीकरण कराया है।
