शिवहर जिले में ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। जिलाधिकारी प्रतिभा रानी और अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) अविनाश कुणाल ने रविवार की रात शहर के विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर जरूरतमंद और बेसहारा लोगों के बीच कंबल वितरित किए।
रात के समय डीएम और एसडीएम प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्वयं मैदान में उतरे और रसीदपुर दलित बस्ती सहित अन्य क्षेत्रों में जाकर ठिठुरते लोगों से मुलाकात की। अधिकारियों ने सड़कों, बस्तियों और खुले स्थानों पर रहने वाले जरूरतमंदों को कंबल देकर ठंड से राहत पहुंचाई।
इस दौरान जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ठंड के मौसम में कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति सहायता से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन समाज के कमजोर वर्गों के साथ खड़ा है और ठंड से बचाव के लिए आवश्यक कदम लगातार उठाए जाएंगे।
कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान एसडीएम अविनाश कुणाल, जिला योजना पदाधिकारी, ओएसडी संदीप कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। प्रशासन की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की और इसे समाज सेवा की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।
