शिवहर जिले में HIV को लेकर कुछ निजी चैनलों पर प्रसारित की जा रही खबरों को लेकर सिविल सर्जन दीपक कुमार ने स्पष्ट किया है कि ये समाचार पूरी तरह तथ्यहीन और भ्रामक हैं। उन्होंने कहा कि जिले में HIV संक्रमण को लेकर गलत जानकारी फैलाने से लोगों में अनावश्यक भय और भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है।
सिविल सर्जन ने बताया कि वर्ष 2012 से अब तक शिवहर जिले में कुल 707 व्यक्ति HIV संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से वर्तमान में 458 मरीज सक्रिय हैं, जिनका नियमित इलाज किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी संक्रमित मरीजों का उपचार सीतामढ़ी स्थित लिंक एआरटी सेंटर के माध्यम से किया जा रहा है और उन्हें आवश्यक दवाएं व परामर्श समय पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
दीपक कुमार ने कहा कि HIV के रोकथाम और नियंत्रण के लिए सरकार द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विभिन्न सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के तहत स्कूलों, छात्रावासों और अन्य संस्थानों में जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि युवाओं और आम लोगों को HIV से बचाव, जांच और इलाज के बारे में सही जानकारी दी जा सके।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी जानकारी के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
