सारण पुलिस ने सोनपुर मेले में बाल शोषण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 25 नवंबर को मेला क्षेत्र में चल रहे दो थिएटरों को सील कर दिया। पुलिस ने इन थिएटरों पर छापेमारी कर पांच नाबालिग बच्चों को मुक्त कराया।
छापेमारी के दौरान पुलिस को थिएटरों में अवैध गतिविधियों और बाल शोषण के प्रमाण मिले, जिसके बाद दो थिएटर संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। सारण पुलिस ने तत्काल प्रभाव से दोनों थिएटरों को बंद करने का प्रस्ताव अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) को भेजा।
मामले की गंभीरता को समझते हुए SDO ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों थिएटरों के लाइसेंस रद्द कर दिए और उन्हें पूरी तरह से बंद करवा दिया।
सारण पुलिस ने साफ शब्दों में कहा है कि सोनपुर मेला क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियां, अनैतिक कार्य और बाल शोषण बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। पुलिस ने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में भी ऐसी सख्त और लगातार कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि मेला क्षेत्र सुरक्षित और अनुशासित बना रहे।
इस कार्रवाई से सोनपुर मेले में अनैतिक गतिविधियों में शामिल लोगों को कड़ा संदेश गया है और मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करने का प्रयास किया जा रहा है।
