भारत-नेपाल सीमा पर तैनात 65वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बेतिया के नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत ग्रामीण महिलाओं के लिए आयोजित एक माह का ब्यूटीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूर्ण हो गया। यह प्रशिक्षण थारू कला एवं प्रशिक्षण संस्थान, हरनाटांड द्वारा प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन 65वीं वाहिनी के कमांडेंट नंदन सिंह मेहरा के मार्गदर्शन में किया गया। समापन समारोह में वाहिनी के उप कमांडेंट नीलकांत ने सभी गणमान्य अतिथियों और प्रशिक्षुओं का स्वागत किया। उन्होंने प्रशिक्षुओं से प्रशिक्षण को लेकर प्रतिक्रिया ली, जिसमें सभी महिलाओं ने इसे उपयोगी और लाभकारी बताया और इसके लिए 65वीं वाहिनी एसएसबी बेतिया तथा थारू कला एवं प्रशिक्षण संस्थान का आभार व्यक्त किया।
प्रशिक्षुओं ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान उन्हें ब्यूटीशियन से जुड़े महत्वपूर्ण कौशल सिखाए गए, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपने समुदाय के लोगों को भी सेवाएं प्रदान कर सकें।
समापन समारोह में उप कमांडेंट नीलकांत ने सीमावर्ती क्षेत्रों में समय-समय पर आयोजित किए जाने वाले निःशुल्क मानव चिकित्सा शिविर, पशु चिकित्सा शिविर, नशा मुक्त भारत अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, वृक्षारोपण अभियान, स्वच्छता अभियान, खेलकूद प्रतियोगिताएं और विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को जागरूक बनाने और सशस्त्र बलों के कार्यों को बेहतर ढंग से समझने में मदद करते हैं।
उन्होंने उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि भविष्य में भी इस तरह के प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएं, ताकि ग्रामीण और सीमावर्ती समुदायों को विकास और सशक्तिकरण के अवसर मिलते रहें।
