मुख्यमंत्री सचिवालय के सभागार में राज्य के बुनियादी ढांचे के विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। राज्य के वित्त विभाग और नेशनल इन्वेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड लिमिटेड (NIIFL) के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए, जिसका उद्देश्य इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं को तेज़ी से आगे बढ़ाना और उन्हें वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित करना है।
इस अवसर पर वित्त विभाग के स्पेशल सेक्रेटरी श्री मुकेश कुमार लाल और NIIFL के कार्यकारी निदेशक श्री प्रसाद गडकरी ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता 9 दिसंबर 2025 को राज्य मंत्रिमंडल की स्वीकृति के बाद औपचारिक रूप से संपन्न हुआ।
इस एमओयू के माध्यम से राज्य में बड़े और महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की योजना, वित्तपोषण और क्रियान्वयन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। इससे न केवल परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से लागू करने में मदद मिलेगी, बल्कि उनकी गुणवत्ता में भी सुधार होगा। साथ ही, निवेश आकर्षित करने और आधुनिक तकनीकों के उपयोग से राज्य के इंफ्रास्ट्रक्चर को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने में यह समझौता महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
