राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर पंजाब का राज्य स्तरीय कार्यक्रम मोहाली स्थित एक निजी विश्वविद्यालय में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पंजाब की नव नियुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने की। अपने संबोधन में उन्होंने मतदाताओं से न केवल स्वयं मतदान करने बल्कि दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान पटियाला के दृष्टिबाधित बच्चों ने गीत की प्रस्तुति देकर मतदाता पंजीकरण और मतदान का सशक्त संदेश दिया। इसके अलावा अन्य विद्यार्थियों ने भी रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें लोगों को मतदाता बनने और मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में भाषण प्रतियोगिता और योग का प्रदर्शन भी किया गया।
समारोह के दौरान भारत निर्वाचन आयोग का संदेश भी दिखाया गया तथा उपस्थित लोगों को मतदाता शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के अंत में मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने बीते वर्ष राज्य में चुनाव प्रक्रिया के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कुछ उपायुक्तों और एसडीएम को सम्मानित किया।
इससे पहले मतदान के महत्व का संदेश देने के उद्देश्य से एक मोटरसाइकिल रैली भी निकाली गई। इस दौरान स्कूली बच्चों और रैली में शामिल लोगों ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस को लेकर अपने विचार साझा करते हुए कहा कि मतदान लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और इससे हम अपनी पसंद का प्रतिनिधि चुन सकते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से मतदान जरूर करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
