बिहार की राजधानी पटना के राजेंद्र नगर में बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं पूर्व वित्त मंत्री स्वर्गीय सुशील कुमार मोदी की जयंती के अवसर पर उनकी आदमकद प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। इस अवसर पर राज्य की राजनीति और समाज के अनेक प्रतिष्ठित व्यक्ति मौजूद रहे।
प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी, पटना साहिब से सांसद रविशंकर प्रसाद सिन्हा, कृषि मंत्री रामकिरपाल यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावंगी सहित कई वरिष्ठ नेता और गणमान्य अतिथि शामिल हुए। सभी नेताओं ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर स्व. सुशील कुमार मोदी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर वक्ताओं ने स्व. सुशील कुमार मोदी के जनसेवा के प्रति समर्पण और बिहार के विकास में उनके अहम योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि मोदी जी की दूरदर्शिता, स्पष्ट सोच और प्रशासनिक कुशलता ने बिहार को आर्थिक और सामाजिक क्षेत्रों में नई दिशा दी। उनके कार्यकाल को सुशासन और वित्तीय सुधारों के लिए विशेष रूप से याद किया जाएगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आम नागरिकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया और स्व. सुशील कुमार मोदी के प्रति अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि व्यक्त की। इस अवसर पर कृषि मंत्री रामकिरपाल यादव ने कहा कि सुशील कुमार मोदी का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए वह प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे।
