अनूपपुर जिले के अंतर्गत ग्राम पंचायत वेंकट-नगर में सुशासन सप्ताह के अंतर्गत सुशासन शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जन-हितकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सीधे पहुंचाना रहा। शिविर में आसपास के लगभग 17 गांवों के ग्रामीणों ने सक्रिय सहभागिता की।
सुशासन शिविर के दौरान विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई और उनकी समस्याओं से जुड़े आवेदन भी स्वीकार किए गए। शिविर में कुल 506 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर त्वरित कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है।
इस अवसर पर शहडोल संभाग की कमिश्नर सुरभि गुप्ता ने कहा कि सुशासन शिविरों के माध्यम से शासन स्वयं ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचकर आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान कर रहा है। उन्होंने बताया कि ऐसे शिविरों से योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता आती है और ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाओं का लाभ मिलता है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि सुशासन सप्ताह के तहत आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण करना और शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, जिससे सुशासन की अवधारणा को धरातल पर साकार किया जा सके।
