छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने शनिवार को साजा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिवारों से बातचीत की और उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
मंत्री जायसवाल ने मरीजों से उनका हालचाल जाना और अस्पताल में मिल रहे इलाज के बारे में पूछा। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और उन्हें हर संभव मदद मिलनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, प्रयोगशाला और अन्य विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को अस्पताल में साफ-सफाई बनाए रखने और मरीजों को बेहतर माहौल प्रदान करने के निर्देश दिए।
बाद में मीडिया से बात करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार अस्पतालों में आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर रही है और सेवाओं का विस्तार कर रही है, जिसका सकारात्मक परिणाम स्वास्थ्य संस्थानों में दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि मरीजों को समय पर उपचार मिल रहा है और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है।
मंत्री जायसवाल ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि राज्य के हर नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों।
