टिहरी जिले के मुनिकीरेती स्थित गंगा तट पर आयोजित चार दिवसीय टिहरी लेक फेस्टिवल का रंगारंग कार्यक्रमों के साथ समापन हो गया। समापन समारोह में काइट फेस्टिवल और राफ्टिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल और नगर पालिका मुनिकीरेती-ढालवाला की अध्यक्ष नीलम बिजलवान ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए।
इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य टिहरी जिले को प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना रहा। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने बताया कि चार दिनों तक चले इस फेस्टिवल के दौरान जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
नगर पालिका मुनिकीरेती-ढालवाला की अध्यक्ष नीलम बिजलवान ने कहा कि पहली बार पूरे टिहरी जनपद की सभी विधानसभा क्षेत्रों में टिहरी लेक फेस्टिवल के तहत विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन कार्यक्रमों से युवाओं को नई प्रेरणा मिली है और भविष्य में उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि काइट फेस्टिवल में विदेशी पर्यटकों की भी भागीदारी रही, जिससे इस आयोजन की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने की संभावना है।
साहसिक खेल एवं पर्यटन अधिकारी यशवंत चौहान ने बताया कि मुनिकीरेती में आयोजित राफ्टिंग प्रतियोगिता को दो वर्गों—पेशेवर और पर्यटक—में आयोजित किया गया था, जिसमें कुल 98 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को क्रमशः एक लाख, पचास हजार और पच्चीस हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
