मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पैतृक गांव टुंडी बारमो को आदर्श गांव के रूप में विकसित करने के लिए पिथौरागढ़ जिला प्रशासन ने प्रयास तेज कर दिए हैं। इस दिशा में प्रशासन द्वारा रोजगार सृजन और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
जिलाधिकारी आशीष भटगाईं ने बताया कि ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें स्थायी रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से गांव में कीवी, मशरूम, अनानास की खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके साथ ही मधुमक्खी पालन, मत्स्य पालन, बकरी पालन और दुग्ध उत्पादन जैसी गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों की आय में वृद्धि हो सके।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि गांव के समग्र विकास के तहत सौंदर्यीकरण से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। इन योजनाओं के माध्यम से गांव की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के साथ-साथ उसे एक आदर्श और आकर्षक ग्राम के रूप में विकसित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
