संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान भारत पहुंच गए हैं। उनके आगमन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं हवाईअड्डे पर उनका स्वागत करने पहुंचे। पीएम मोदी ने इसे भाईचारे का प्रतीक बताते हुए कहा कि वह अपने भाई का स्वागत करने आए हैं। बतौर राष्ट्रपति यह उनकी तीसरी भारत यात्रा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “मैं अपने भाई, संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति महामहिम शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का स्वागत करने के लिए एयरपोर्ट गया। उनकी यह यात्रा भारत और यूएई के बीच मजबूत मित्रता को दर्शाती है। मैं हमारी बातचीत को लेकर उत्सुक हूं।” विदेश मंत्रालय के अनुसार, शेख मोहम्मद लगभग डेढ़ घंटे के संक्षिप्त दौरे पर भारत आए हैं।
विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ बातचीत के बाद यूएई राष्ट्रपति शाम 6:05 बजे भारत से रवाना हो जाएंगे। यह यात्रा दोनों देशों के व्यापारिक और कूटनीतिक संबंधों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है, खासकर ऐसे समय में जब वैश्विक राजनीति में उथल-पुथल जारी है। अमेरिका-चीन-रूस के बीच बढ़ते तनाव, ईरान की स्थिति और यूएई-सऊदी अरब के बीच मतभेदों के बीच यह मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है।
एमईए के मुताबिक इस दौरान व्यापार, निवेश, रक्षा सहयोग, ऊर्जा और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। यह शेख मोहम्मद की बतौर राष्ट्रपति तीसरी भारत यात्रा है, जबकि पिछले 10 वर्षों में उनकी यह पांचवीं भारत यात्रा है। वित्त वर्ष 2024-25 में भारत-यूएई द्विपक्षीय व्यापार 100.06 अरब डॉलर के पार पहुंच गया है, जो 19.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। इससे यूएई भारत के प्रमुख व्यापारिक साझेदारों में शामिल हो गया है।
हाल के वर्षों में भारत और यूएई के संबंध और भी मजबूत हुए हैं। दोनों देशों ने व्यापार, निवेश, ऊर्जा, रक्षा और तकनीक सहित कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाया है। वर्ष 2019 में यूएई ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान “ऑर्डर ऑफ जायद” से सम्मानित किया था, जो दोनों देशों की प्रगाढ़ मित्रता का प्रतीक है।
