प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र कल से शुरू होने जा रहा है। इससे पहले आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक से पूर्व कार्यमंत्रणा समिति की भी बैठक हुई, जिसमें विधानसभा सत्र के संचालन और एजेंडे को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि विधानसभा का शीतकालीन सत्र कुल तीन दिनों तक चलेगा। यह सत्र 22, 23 और 24 दिसंबर को आयोजित होगा। तय कार्यक्रम के अनुसार, सत्र के दौरान ‘वंदे मातरम्’ विषय पर चार घंटे की विशेष चर्चा कराई जाएगी।
बैठक के बाद समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मल्होत्रा ने सत्र की अवधि को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की लगभग 25 करोड़ आबादी अनेक समस्याओं से जूझ रही है और जनता चाहती है कि उनके जनप्रतिनिधि इन मुद्दों को विधानसभा में मजबूती से उठाएं। उनका कहना था कि मात्र तीन दिनों का सत्र जनता की समस्याओं पर समुचित चर्चा के लिए पर्याप्त नहीं है।
सपा विधायक ने यह भी कहा कि ‘वंदे मातरम्’ पर प्रस्तावित चार घंटे की चर्चा के बजाय इसे आठ घंटे तक बढ़ाया जाना चाहिए, ताकि इस विषय पर विस्तृत और सार्थक विमर्श हो सके।
वहीं, भारतीय जनता पार्टी और एनडीए विधानमंडल दल की बैठक आज शाम पांच बजे प्रस्तावित है। इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विधायकों को सदन में समय पर उपस्थित रहने और सत्र के दौरान महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने के निर्देश देंगे।
