अमेरिका और वेनेजुएला के बीच बढ़ते तनाव के बीच आज सुबह वेनेजुएला की राजधानी काराकास में कई जोरदार धमाके हुए हैं। स्थानीय समयानुसार रात 2 बजे कम से कम सात बड़े विस्फोट हुए, उड़ते विमानों की आवाजें भी सुनाई दीं। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ये धमाके शहर के सैन्य और रणनीतिक ठिकानों पर हुए हैं, जिन्हें अमेरिकी हवाई हमले माना जा रहा है।
यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब पिछले हफ्ते अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद पुष्टि की थी कि अमेरिका ने वेनेजुएला में ड्रग तस्करी से जुड़े एक डॉकिंग एरिया पर CIA के जरिए ड्रोन स्ट्राइक की थी। यह वेनेजुएला की जमीन पर अमेरिका का पहला ज्ञात ऑपरेशन था। अब काराकास पर सीधा हमला दोनों देशों के बीच युद्ध जैसे हालात पैदा कर सकता है।
वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने अभी तक इस हमले पर आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन हाल ही में उन्होंने ड्रग तस्करी के मुद्दे पर अमेरिका से बातचीत की इच्छा जताई थी। अमेरिकी पक्ष से भी कोई तत्काल टिप्पणी नहीं आई है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय में इस घटना से चिंता बढ़ गई है।
